क्रिएटर के लिए सुरक्षा केंद्र
अपनी बात लोगों तक पहुंचाना बहुत दिलचस्प होता है, लेकिन सभी को अपने कॉन्टेंट से खुश कर पाना इतना आसान नहीं होता. इसमें कुछ मुश्किलें आ सकती हैं. क्रिएटर्स का कॉन्टेंट सभी लोगों को दिखता है. इससे कुछ जोखिम हो सकता है. आप खुद को ऑनलाइन सुरक्षित रखने से जुड़ी योजना बना सकें, इसमें हम आपकी मदद करना चाहते हैं. इसके लिए हमने क्रिएटर्स, सुरक्षा विशेषज्ञों, और गैर-लाभकारी संगठनों से सलाह ली है.
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शुरुआत करें
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शुरुआत करें
YouTube पर अपने सफ़र की शुरुआत से ही, YouTube पर सुरक्षित रहने के तरीके अपनाएं.
पुराने समय से ही, सामाजिक तौर पर पिछडे़ समझे जाने वाले क्रिएटर्स, अक्सर अपने साथ गलत व्यवहार होने की शिकायत करते रहे हैं. जैसे, महिलाएं, LGBTQ+, अन्य (नॉन-बाइनरी), और BIPOC (Black, Indigenous, and People of Color) क्रिएटर्स. इन्होंने हमें बताया कि इस तरह की सलाह, सभी नए क्रिएटर्स के लिए अहम है.
अपने साथी क्रिएटर्स द्वारा शेयर किए गए सुरक्षा के ये सबसे अच्छे तरीके देखें.
अपने सफ़र की शुरुआत, एक सुरक्षित खाता बनाकर करें
पासवर्ड का चोरी होना अब एक बहुत आम बात हो गई है. क्रिएटर्स और सुरक्षा विशषज्ञों से मिली #1 सलाह यह थी कि दो चरणों में पुष्टि की सुविधा को चालू करना चाहिए, ताकि बिना अनुमति कोई आपके खाते को ऐक्सेस न कर पाए. इसमें पासवर्ड डालने के बाद, दूसरा चरण पूरा करना होता है. सुरक्षा जांच पर जाकर यह पक्का करें कि यह सुविधा चालू हो गई है.
अगर सभी प्लैटफ़ॉर्म पर एक ही ईमेल का इस्तेमाल किया जा रहा है और किसी को इसका ऐक्सेस मिल जाता है, तो वह व्यक्ति आपके YouTube और दूसरे खातों का गलत इस्तेमाल कर सकता है. दूसरे खातों के लिए इस्तेमाल होने वाले ईमेल को अपने YouTube चैनल के लिए इस्तेमाल न करें. इसके लिए, अलग ईमेल का इस्तेमाल करें.
मज़बूत पासवर्ड में कम से कम आठ वर्ण होने चाहिए. साथ ही, इनमें अंग्रेज़ी के बड़े और छोटे अक्षर, नंबर, और विशेष वर्ण होने चाहिए. अपना पासवर्ड किसी के साथ शेयर न करें!
अगर आपके पास मॉडरेटर हैं, तो उनके साथ अपना पासवर्ड शेयर न करें! अपने खाते से, सुरक्षित रूप से चैनल मैनेजर को जोड़ने के लिए, चैनल मैनेज करने की अनुमतियां इस्तेमाल करें. अगर आपके पास ब्रैंड खाता है, तो यह तरीका अपनाएं.
सलाह: हमेशा पक्का करें कि आपके मॉडरेटर, दो चरणों में पुष्टि की सुविधा और मज़बूत पासवर्ड का इस्तेमाल करते हों. अगर कोई सदस्य आपकी टीम से चला जाता है, तो तुरंत ही उसके लिए मॉडरेटर का ऐक्सेस हटाएं.
हमने क्रिएटर्स को निशाना बनते देखा है. ऐसे ईमेल को लेकर हमेशा सावधान रहें जिनमें आपसे किसी लिंक और वेबसाइट पर जाने के लिए कहा जाता है. साथ ही, आपको अपने Google खाते में साइन इन करने के लिए कहा जाता है.
अपने चैनल को सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ाना
आपके चैनल के लोकप्रिय होने के साथ ही, सभी लोगों की नज़र आप पर रहती है. जैसे-जैसे आपके वीडियो के दर्शक बढ़ते हैं, ये सलाह अपनाएं.
चैनल की सुरक्षा के लिए रणनीति बनाएं
क्रिएटर्स ने हमें बताया कि वे नफ़रत फैलाने और ट्रोल करने वालों से निपटने के लिए, अलग-अलग रणनीतियां अपनाते हैं. नीचे कुछ ऐसे उदाहरण दिए गए हैं जिनसे आपको यह तय करने में मदद मिल सकती है कि अलग-अलग स्थितियों में, इनमें से सबसे सही रणनीति कौनसी रहेगी:
- अनदेखा करें. किसी के ख़िलाफ़ लोगों की भावनाओं को भड़काने के लिए, उकसाने वाली टिप्पणियां करने वाले लोगों को ट्रोल कहा जाता है. क्रिएटर्स हमें बताते हैं कि इन ट्रोल को अनदेखा करना ही सबसे सही रहता है. आप चाहे कुछ भी करें, वे अपना व्यवहार नहीं बदलने वाले हैं. हालांकि, जब उन्हें अनदेखा किया जाता है और ऐसे जवाब नहीं दिए जाते हैं जो वे चाहते हैं, तो ट्रोल करने में उनकी दिलचस्पी खत्म हो जाती है और वे ऐसी टिप्पणियां करना बंद कर देते हैं.
- टिप्पणियां ब्लॉक करें और हटाएं. कई टिप्पणियां बहुत आपत्तिजनक होती हैं या कुछ टिप्पणियों में आपकी निजी जानकारी बताई जाती है. इस स्थिति में, कई क्रिएटर्स ऐसी टिप्पणियां करने वालों को ब्लॉक करना पसंद करते हैं. साथ ही, उनकी टिप्पणियों को प्लैटफ़ॉर्म से हटा देते हैं. कुछ क्रिएटर्स थोड़ा अलग तरीका अपनाते हैं. वे ब्लॉक किए गए शब्दों की सूची में, आपत्तिजनक टिप्पणियों में इस्तेमाल की गई भाषा से मिलते-जुलते शब्दों को जोड़ देते हैं. ऐसा करने से, ट्रोल अपने-आप ब्लॉक हो जाते हैं. टिप्पणियों को छिपाने के बारे में जानकारी देने वाले सेक्शन पर जाने के लिए यहां जाएं.
- हंसी-मज़ाक़ और प्यार से पेश आएं. कुछ क्रिएटर्स को लगता है कि हंसी-मज़ाक़ या प्यार से काम करने पर, वे और उनकी कम्यूनिटी मज़बूत होती है. उदाहरण के लिए, कुछ क्रिएटर्स ने हमें यह शिकायत की थी कि उनको बॉडी शेमिंग वाली टिप्पणियां मिली थीं. इन पर उन्होंने ऐसी प्रतिक्रिया दी थी, "मुझे बहुत अच्छा लग रहा है! साथ ही, उम्मीद है कि जितना ध्यान मैंने रखा है, कम से कम कुछ ध्यान आपने भी अपनी सेहत का रखा होगा!" उनके दर्शकों को ये तरीका बहुत पसंद आया.
- चीज़ों को गहराई से जानने में लोगों की दिलचस्पी बढ़ाएं. कभी-कभार ही सही (लेकिन ऐसा होता है!) क्रिएटर्स, लोगों को किसी मुद्दे पर बेहतर तरीके से जानकारी देते हैं. इसमें उन लोगों को अलग-अलग संस्कृतियों की बारीकियों के बारे में शिक्षित करना शामिल होता है. क्रिएटर्स, ऐसा नफ़रत फैलाने के मकसद से नहीं करते हैं. वे अपनी कम्यूनिटी को मज़बूत बनाने के लिए ऐसा करते हैं. उदाहरण के लिए, जब बिलकुल न सुन पाने या कम सुनने वालों की कम्यूनिटी के क्रिएटर्स को खराब टिप्पणियां मिलीं, तो उन्होंने "मुझे पता है कि बिलकुल न सुन पाने वाले लोगों को ऐसा क्यों महसूस होता है" कहकर अपनी बातचीत शुरू की.
ये रणनीतियां, सभी के लिए एक जैसा काम नहीं करती हैं. इनकी सफलता या असफलता, आपके चैनल और दर्शकों पर निर्भर करती हैं. हालांकि, हमें उम्मीद है कि इन रणनीतियों को अपनाकर शुरुआत की जा सकती है. इसके बाद, चैनल के दर्शकों की संख्या बढ़ाने और उनकी दिलचस्पी को बनाए रखने की रणनीति तय की जा सकती है.
टिप्पणियों और चैट को मॉडरेट करें
अपने प्रशंसकों से जुड़ने के लिए, टिप्पणियां और लाइव चैट एक बेहतरीन तरीका है. हालांकि, लोग इनमें गलत या स्पैम वाली टिप्पणियां कर सकते हैं.
टिप्पणियों और चैट करने की सुविधा को बंद किया जा सकता है. इससे आपके वीडियो की परफ़ॉर्मेंस या रैंकिंग पर कोई असर नहीं पड़ेगा.
यह बताएं कि आपके चैनल पर कम्यूनिटी को किस तरह से इंटरैक्ट करना चाहिए. यहां कुछ तरीके दिए गए हैं जिनकी मदद से यह पता चलता है कि चैनल पर क्या करने की अनुमति है और क्या करने की नहीं:
- ब्लॉक किए गए शब्दों की सूची बनाकर, आपत्तिजनक शब्दों और वाक्यांशों को पेज से फ़िल्टर किया जा सकता है.
- आपत्तिजनक टिप्पणियों को ब्लॉक करें. इसके लिए, टिप्पणी वाले सेक्शन पर पहले से ज़्यादा नज़र रखें.
-
अगर आप चाहें, तो अपना असली नाम, पता, और दूसरी निजी
जानकारी को ब्लॉक किया जा सकता है.
- LGBTQ+ कम्यूनिटी के क्रिएटर्स ने अपने अनुभवों को शेयर करते हुए, असली नाम और इंटरनेट पर मौजूदगी के बीच एक सीमा तय करने की अहमियत बताई है. उनके अनुसार, दर्शकों से ऑनलाइन इंटरैक्ट करते समय ऐसा करना बहुत ज़रूरी हो जाता है.
- लाइव स्ट्रीमिंग के लिए, लाइव चैट मॉडरेटर को सेट अप करें.
आपके चैनल पर होने वाले गलत व्यवहार से, आपकी और आपके चैनल की छवि खराब हो सकती है. इससे बचने के लिए, आपके पास कुछ ऐसे संसाधनों का ऐक्सेस है जिनसे मदद ली जा सकती है.
दर्शकों के साथ होने वाले इंटरैक्शन को लेकर सीमाएं तय करें
अपने दर्शकों के साथ इंटरैक्शन की सीमाएं तय करें. ऐसा करना, कॉन्टेंट बनाने के लिहाज़ से अच्छा होता है. यह तय करने के लिए कि आप किस तरह के इंटरैक्शन में सहज हैं, नीचे दी गई सलाह अपनाएं:
- तय करें कि किसी प्लैटफ़ॉर्म पर एकतरफ़ा रिश्तों के साथ आप किस हद तक सहज हैं. आपके दर्शकों का व्यवहार ऐसा हो सकता है जैसे कि वे आपको जानते हों. भले ही, उनका आपके साथ कोई इंटरैक्शन न हुआ हो या बहुत कम इंटरैक्शन हुआ हो. अपने दर्शकों को साफ़ तौर पर यह बात बतानी चाहिए कि आपकी दिलचस्पी किस तरह के इंटरैक्शन में है. इससे उनके साथ अच्छा रिश्ता बनाने में मदद मिलेगी.
- कुछ क्रिएटर्स, अपने दर्शकों को निजी मैसेज न भेजने के लिए कहते हैं. कुछ अन्य क्रिएटर्स, दर्शकों को यह बताते हैं कि उनका काम लोगों का मनोरंजन करना है और ज़रूरी नहीं कि इसके लिए क्रिएटर्स अपनी निजी ज़िंदगी से जुड़ी जानकारी, अपने दर्शकों के साथ शेयर करें.
- आपके दर्शक, आपके बारे में इंटरनेट पर जानकारी ढूंढ सकते हैं. कुछ क्रिएटर्स, इंटरनेट से जानकारी को स्क्रब करने वाली सेवा का इस्तेमाल करने का सुझाव देते हैं. इस सेवा की मदद से, चैनल पर नज़र रखी जा सकती है और उस पर उपलब्ध सार्वजनिक जानकारी को हटाया जा सकता है.
- आपके दर्शक, किसी ऑनलाइन विवाद में आपका बचाव कर सकते हैं. YouTube पर, सम्मान के साथ किए जाने वाले इंटरैक्शन को बढ़ावा दें. साथ ही, अपने दर्शकों से कहें कि कोई भी टिप्पणी पोस्ट करने से पहले, वे हमारे कम्यूनिटी दिशा-निर्देश पढ़ें.
तय सीमा में रहकर अपनी बातचीत को भरोसेमंद बनाएं. अपने अनुभवों के हिसाब से बातचीत में “मैं” वाली बातें यानी जिनसे आपकी मन की बात का पता चलता हो उस शैली में बात करें और इसे बनाए रखें.
- उदाहरण के लिए, अगर किसी क्रिएटर को वीडियो में अपना चेहरा न दिखाना हो, तो वह कुछ ऐसा कह सकता है, "मुझे पता है कि आपको मेरे और मेरे कॉन्टेंट के बारे में जानने में दिलचस्पी है. हालांकि, मुझे अपनी निजता बनाए रखनी है और अपना चेहरा नहीं दिखाना है. उम्मीद है कि आप आगे भी मेरे शेयर किए गए कॉन्टेंट का आनंद लेते रहेंगे."
अगर दर्शक, इंटरैक्शन के लिए तय की गई सीमाओं को अहमियत नहीं देते हैं, तो मदद के लिए ये तरीके अपनाएं:
- टिप्पणी करने वाले को ब्लॉक करने का तरीका जानें.
- किसी चैनल या वीडियो के बारे में शिकायत करने का तरीका जानें.
- आपके पास निजता से जुड़ी समस्याओं की शिकायत करने का विकल्प होता है.
दूसरों के गलत व्यवहार को मैनेज करना
दूसरों के गलत व्यवहार को मैनेज करना
YouTube पर किसी को हिंसा की धमकी देना, हमारी नीतियों के ख़िलाफ़ है. इसके अलावा, किसी व्यक्ति को सुरक्षित विशेषताओं के आधार पर निशाना बनाकर, लंबे समय तक अपमानजनक बातें कहकर उसका उत्पीड़न करना भी हमारी नीतियों के ख़िलाफ़ है. अगर आपके साथ इस तरह का व्यवहार किया जाता है, तो हमसे इसकी शिकायत करें..
हम यह समझते हैं कि कई ऐसे मौके आए होंगे, जब इंटरैक्शन से आपको डर, अकेलापन या तनाव महसूस हुआ होगा. यहां कुछ ऐसी सलाह उपलब्ध हैं जिनसे, किसी तरह के गलत व्यवहार का अनुभव होने पर आपको मदद मिल सकती है.
सेहत का ध्यान रखते हुए वीडियो बनाने के बारे में क्रिएटर्स को दी जाने वाली सलाह पाएं
जब दूसरे लोग आपसे गलत व्यवहार करते हैं, तो इससे आपको अकेलापन, उलझन या परेशानी महसूस हो सकती है. हालांकि, इसमें आपकी कोई गलती नहीं होती.
कभी-कभी, इससे अपनी भावनाओं को समझने में मदद मिलती है. यहां कुछ ऐसे खास सवाल हैं जिनसे अपनी भावनाओं को समझने में मदद मिलती है.
- क्या हुआ और इससे आपको कैसा लगा? इसमें ऐसा क्या था जिसकी वजह से आपको ऐसा महसूस हुआ? आपके साथ हुई गलत घटनाओं और उनकी वजह से आप पर हुए असर के बारे में लिखें या उनके बारे में बात करें. इससे आपको मदद मिलेगी.
- कभी-कभी, इन टिप्पणियों को समझदारी से लेना सही होता है. क्या आपको कोई टिप्पणी या चैट ऐसी लगती है जिसमें की गई आलोचना सही हो या जिसमें बुराई की गई हो? आपको इनमें से एक या दो बातें अपने लिए क्यों लगती हैं? टिप्पणी करने वाला व्यक्ति ऐसा क्यों कह रहा होगा?
- क्या आपको इस तरह की बातचीत को लेकर, दर्शकों के लिए सीमा तय करनी है?
अपनी भावनाओं को समझने के लिए दूसरों की मदद लेने में शर्मिंदा नहीं होना चाहिए. सहायता के लिए उपलब्ध संसाधनों पर जाएं.
रिसर्च से पता चलता है कि हर उम्र के क्रिएटर्स को, ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणियां मिल सकती हैं. क्रिएटर्स का सुझाव होता है कि “ट्रोल के शिकार न बनें” और ठेस पहुंचाने वाली बातों पर ध्यान न दें.
अगर आपकी टिप्पणियों या लाइव चैट में, एक ही व्यक्ति आपके बारे में बोलता रहता है, तो उसे रोका जा सकता है. ऐसा करने के लिए यहां कुछ बातें बताई गई हैं:
- अपने चैनल के सभी वीडियो पर, टिप्पणी करने वाले या लाइव चैट का इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति को छिपाएं.
- सिर्फ़ लाइव चैट के लिए: कुछ समय के लिए, चैट करने वाले व्यक्ति को, टाइम आउट की सुविधा की मदद से चैट करने से रोकें.
- कॉन्टेंट को मॉडरेट करने के बारे में ज़्यादा जानें.
अगर आपको कई लोगों से गलत टिप्पणियां या लाइव चैट पर गलत मैसेज मिलते हैं, तो इसे रोका जा सकता है. ऐसा करने के लिए यहां कुछ टूल दिए गए हैं:
- आपत्तिजनक टिप्पणियों पर रोक लगाएं. ये टिप्पणियां तब तक पोस्ट नहीं होंगी, जब तक आप उनकी समीक्षा करके उन्हें अनुमति न दे दें. इनका पोस्ट होना या न होना आपके हाथ में होता है. ज़्यादा सुरक्षा पाने के लिए, “निगरानी बढ़ाएं” को चुनें.
- ब्लॉक किए गए शब्दों की सूची बनाएं. इसमें वे शब्द शामिल करें जो आपको टिप्पणियों या लाइव चैट में नहीं देखने हैं.
- सिर्फ़ लाइव चैट के लिए: धीमा मोड चालू करें. इससे यह सीमित किया जा सकता है कि एक व्यक्ति कितनी बार चैट कर पाएगा.
- लाइव चैट की सुविधा को सिर्फ़ सदस्यों या पैसे चुकाकर बने सदस्यों के लिए चालू करें.
- लाइव चैट को मॉडरेट करने के बारे में ज़्यादा जानें.
यह आपके लिए बहुत ही परेशान करने वाला मामला हो सकता है कि कोई व्यक्ति आपके खाते को हैक कर ले. हालांकि, खाते को वापस पाने में हम आपकी मदद कर सकते हैं.
जब आपको खाते का ऐक्सेस वापस मिल जाए, तो उसे सुरक्षित रखने के लिए यहां दिया गया तरीका तुरंत अपनाएं:
- बेहतर सुरक्षा की सेटिंग चालू करें.
- चैनल ऐक्सेस करने की अनुमति से जुड़ी सेटिंग की समीक्षा करें. पक्का करें कि आपके चैनल को वे लोग ही ऐक्सेस कर सकें जिन पर आपको भरोसा है.
- वीडियो दिखने की सेटिंग जांचें. ऐसा तब करें, जब सेटिंग बदली गई हों.
अगर कोई व्यक्ति आपके या आपके चैनल के नाम पर काम कर रहा है, तो खुद को और अपने दर्शकों को सुरक्षित रखा जा सकता है. इसका तरीका यहां दिया गया है.
- अगर वह व्यक्ति आपकी टिप्पणियों पर जवाब दे रहा है, तो उसे टिप्पणियों में छिपाएं. साथ ही, लिंक डालने के विकल्प को बंद करें.
- आपके नाम पर चलाए जा रहे नकली चैनल की शिकायत करें.
- अगर आपने क्रिएटर के तौर पर ज़रूरी शर्तें पूरी की हैं, तो सहायता टीम से संपर्क करें. ('YouTube Partner कार्यक्रम' में शामिल क्रिएटर्स के अलावा, दूसरे क्रिएटर्स भी ऐसा कर सकते हैं).
क्या आपको तुरंत मदद चाहिए?
शारीरिक खतरा और हिंसक धमकियां
अगर आप या आपकी जान-पहचान का कोई भी व्यक्ति खतरे में है, तो पुलिस या किसी भरोसेमंद व्यक्ति से तुरंत संपर्क करें.
अगर YouTube पर कोई व्यक्ति आपको शारीरिक नुकसान पहुंचाने की धमकियां देता है, तो तुरंत हमसे शिकायत करें. YouTube पर ऐसा व्यवहार करने की अनुमति नहीं है.
अगर कोई आपको स्टॉक कर रहा है, तो अपनी सुरक्षा के लिए इन सुरक्षा संसाधनों का इस्तेमाल करें. महिला और अन्य (नॉन-बाइनरी) क्रिएटर्स को, पुरुष क्रिएटर्स के मुकाबले ज़्यादा स्टॉक किया जाता है. महिला और अन्य (नॉन-बाइनरी) क्रिएटर्स ने हमें बताया कि अच्छा होता अगर उन्हें चैनल शुरू करते समय ही स्टॉकिंग से जुड़ी सलाह मिल जाती.
सारे सबूत अपने पास रखें, चाहे वे ऑनलाइन हों या ऑफ़लाइन. (उदाहरण के लिए, स्क्रीनशॉट या निगरानी वाला फ़ुटेज और घटना के समय और तारीख का रिकॉर्ड. साथ ही, अगर घटना का कोई गवाह है, तो रिकॉर्ड रखें कि वे कौन हैं और उन्होंने क्या देखा). स्थानीय पुलिस से संपर्क करें या भरोसेमंद वकील की मदद लें.
तनाव, आत्महत्या या खुद को नुकसान पहुंचाने के ख्याल आना
अगर आप या आपकी जान-पहचान का कोई व्यक्ति खुद को नुकसान पहुंचाने या आत्महत्या के बारे में सोच रहा है, तो हम आपको सबसे पहले यह बताना चाहते हैं कि आप खुद को अकेला न समझें. आप हमारे लिए अहम हैं.
अगर आप या आपकी जान-पहचान का कोई व्यक्ति खुद को नुकसान पहुंचाने के बारे में सोच रहा है, तो सहायता के लिए हमसे तुरंत संपर्क करें. अपने इलाके में सहायता पाएं.
ज़रूरत के हिसाब से सहायता पाना
क्रिएटर बनकर शायद आपकी कमाई होती हो, लेकिन बड़ी संख्या में दर्शक होने की वजह से आपको तनाव महसूस हो सकता है. खुद को अकेला न समझें. यहां कुछ ऐसे संसाधन हैं जिनसे आपको मदद मिल सकती है. ध्यान रखें कि कुछ समय के लिए काम से ब्रेक लेना हमेशा अच्छा होता है.
बात करें
अपने परिवार या उन दोस्तों से बात करें जो आपको निजी तौर पर जानते हैं. ऐसे लोगों के पास जाएं जो आपको लेकर अपने मन में खुद से कोई धारणा न बनाएं और हर स्थिति में आपकी मदद करें.
YouTube के सहायता समुदाय पर जाकर, दूसरे क्रिएटर्स से अपने सवालों के जवाब और मदद पाएं.
कुछ समय के लिए ब्रेक लें
डिजिटल वेलबीइंग को मैनेज करने के लिए, कुछ समय का ब्रेक लें और ऑनलाइन कम समय बिताएं. इसके अलावा, इंटरनेट पर अपनी मौजूदगी को मैनेज करने के लिए मॉडरेटर का इस्तेमाल किया जा सकता है.
भले ही, आपने कुछ दिनों या महीनों के लिए ब्रेक लिया हो, YouTube के सुझाव देने वाले सिस्टम से ऐसे चैनलों को कोई नुकसान नहीं होता है जो कुछ समय के लिए, कॉन्टेंट अपलोड नहीं करते हैं.
परिवार और दोस्तों के लिए संसाधन
यहां आपके दोस्तों और परिवार वालों के लिए कुछ सलाह दी गई है. वे इसका इस्तेमाल, आपकी बेहतर तरीके से मदद करने के लिए कर सकते हैं.
दोस्तों और परिवार के पास मौजूद रहें. क्रिएटर्स कहते हैं कि अगर वे किसी ऐसे व्यक्ति से बात करें जो उन्हें ध्यान से सुनता हो और उनकी परवाह करता हो, तो यह उनके लिए सबसे मददगार साबित होता है. ऑनलाइन परेशान किए जाने पर आपको बहुत अकेलापन महसूस हो सकता है. साथ ही, इससे आपको शर्मिंदगी का अनुभव हो सकता है.
लक्ष्य यह होना चाहिए कि जिन लोगों के साथ गलत व्यवहार हुआ है उन्हें उनकी पहचान और आत्मविश्वास वापस मिल सके. दूसरे लोग क्या कर रहे हैं, इस पर हमारा कंट्रोल नहीं है. हालांकि, उन कामों पर ध्यान देने में लोगों की मदद की जा सकती है जिनसे उन्हें खुशी, आत्मविश्वास, और राहत मिलती है. उदाहरण के लिए, उन लोगों के साथ बाहर घूमने निकलें. इसके अलावा, किसी ऐसे नए कैफ़े या योग की क्लास में जाएं जहां वे हमेशा जाना चाहते थे.